पिछले हफ्ते दिल्ली में एयर इंडिया के एक कर्मचारी को शिवसेना के एक सांसद रवींद्र गायकवाड़ ने जूतों से पीट दिया था। इस घटना के बाद विमान कंपनियों ने एकजुटता दिखाते हुए गायकवाड़ की हवाई यात्रा पर ही पाबंदी लगा दी है। विमान कंपनियों की इस दादागिरी की अब सड़क से लेकर संसद तक आलोचना हो रही है। विमान कंपनियों द्वारा गायकवाड़ का अपमान किए जाने को लेकर उनके समर्थकों ने अपने नेता के समर्थन में सोमवार को ओस्मानाबाद जिले में बंद बुलाया था।
सेना के जिला उपसचिव कमलाकर चव्हाण ने कहा कि हमारे नेता की हवाई यात्रा पर प्रतिबंध लगाकर विमान कंपनियों द्वारा उनका अपमान किया गया। विमान कंपनियों की इस दादागिरी पर हमने ओस्मानाबाद में बंद बुलाया था। चव्हाण ने पूछा कि क्या वह कोई आतंकी हैं जो उन्हें हवाई यात्रा नहीं करने दिया जा रहा है। विमान में सवार एक एयर होस्टेस के बयान ने साफ हो जाता है कि गायकवाड़ की कोई गलती नहीं थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार के गुड़ी पड़वा उत्सव को देखते हुए दुकानदारों से केवल सोमवार को शाम चार बजे तक ही बंद रखने को कहा गया ताकि लोग पूजा के सामान की खरीददारी कर सकें।