शिवसेना ने साधा मोदी पर निशाना
- फोटो : getty
शिवसेना ने ईंधन के बढ़ते दामों को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला। पार्टी ने पूछा कि दुनिया भर में कच्चे तेल के दाम में गिरावट के बावजूद देश में उनके दाम क्या बुलेट ट्रेन परियोजना के लिये जापान से लिए कर्ज का ब्याज चुकाने के लिये ज्यादा वसूले जा रहे हैं।
केंद्र और महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ एनडीए के घटक शिवसेना ने दो दिन पहले कहा था कि ईंधन के ज्यादा दाम देश में किसानों की आत्महत्या का मुख्य कारण है। शिवसेना के मुखपत्र सामना में छपे संपादकीय में कहा गया, ‘जो लोग सरकार में हैं वह महंगाई पर बात नहीं करना चाहते और न ही दूसरों को बात करने देना चाहते हैं।
शिवसेना ने कहा कि ईंधन के दाम आसमान पर पहुंचने का दर्द आम आदमी झेल रहा है। सरकार में बैठे लोग अगर पिछले चार महीनों के दौरान इसके दाम में 20 बार की बढ़ोतरी का समर्थन करते हैं तो यह सही नहीं है।’
इससे पहले पार्टी ने केंद्रीय मंत्री अलफोंस कन्ननथानम के उस बयान को आम आदमी का ‘अपमान’ बताया था और कहा था कि बिना योग्यता और लोगों से जुड़ाव वाले लोग देश चला रहे हैं। सामना के संपादकीय में कहा गया है कि जो लोग यह कह रहे हैं कि पिछली सरकार मौजूदा सरकार से बेहतर थी, उन्हें दोषी ठहराया गया है।