लोकसभा में एनडीए के दूसरे सबसे बडे़ दल शिवसेना ने सदन में उपसभापति की कुर्सी पर अपना हक जताया है। भाजपा की 303 के बाद शिवसेना की एनडीए में सर्वाधिक 18 सीटें हैं। मोदी मंत्रिमंडल में केवल एक सीट मिलने से शिवसेना नाखुश है। अब शिवसेना चाहती है कि लोकसभा में उपसभापति उसका होना चाहिए।
बताया जा रहा है कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस बारे में भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह को अपने इरादे बता दिए हैं। मोदी मंत्रिमंडल में शिवसेना के अरविंद सावंत को भारी उद्योग और सार्वजनिक उपक्रम मंत्री बनाया गया है। शिवसेना मंत्रिमंडल में तीन सीटों की उम्मीद कर रही थी। इस बीच शिवसेना के संसदीय दल के नेता संजय राउत ने मीडिया से कहा कि हम खुश हैं कि भाजपा को लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिला लेकिन यह भी जरूरी है कि सदन में पूरे गठबंधन की उपस्थिति और शक्ति नजर आए।
उन्होंने कहा कि शिवसेना के लोकसभा में 18 और राज्यसभा में तीन सदस्य हैं। ऐसे में यह निराशाजनक है कि पार्टी को मंत्रिमंडल में केवल एक जगह दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्रिमंडल विस्तार में शिवसेना के और मंत्री बनाए जाएंगे