महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनावों के लिए गठबंधन की चर्चाओं के बीच शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला जारी है। बुधवार को जहां दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर कटाक्ष किया वहीं, उद्धव ठाकरे ने भी उनकी चुटकी ली।
मुंबई में वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी की किताब के विमोचन के मौके पर भी उद्धव ने कहा कि मेरे लिए आजकल हिंदी में भाषण देना मुश्किल हो गया है। पहले ‘मित्रों’ के संबोधन से शुरुआत करता था लेकिन अब मित्रों सुनते ही लोग भाग खड़े होते हैं। उनका इशारा प्रधानमंत्री मोदी की तरफ था।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भाषण की शुरुआत अक्सर मित्रों के संबोधन से करते हैं। मुंबई के एक पंच सितारा होटल में कमल मोरारका की किताब ‘रोर’ के विमोचन के मौके पर उद्धव ने कहा कि शेर कभी एक दूसरे के साथ छेड़खानी नहीं करते। शिवसेना का लोगो टाईगर है। इसलिए उद्धव ने कहा कि चूंकि हम टाईगर हैं इसलिए टाईगर की बात करते हैं। शेर को जब जरूरत होती है तभी शिकार करता है लेकिन हम बिना वजह जंगल काटते जा रहे हैं।