फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र: संजय राउत ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को लिखा पत्र, कहा- महाराष्ट्र सरकार गिराने की मंशा से कुछ लोग मुझसे मिले

Thu, 10 Feb 2022 03:14 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
शिवसेना सांसद संजय राउत। - फोटो : ANI
विज्ञापन

महाराष्ट्र की महा विकास आगाढ़ी सरकार को गिराने की साजिश की शिकायत शिवसेना नेता संजय राउत ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को पत्र लिखकर की है। राउत ने दावा किया कि कुछ लोग बीते काफी समय से लगातार उनके संपर्क में थे। ये लोग महाराष्ट्र सरकार को गिराकर राज्य में मध्य अवधि चुनाव कराना चाहते थे और राउत से मदद मांग रहे थे।

विज्ञापन


राउत ने शिवसेना के प्रतीक बाघ की फोटो के साथ ट्वीट किया, झुकेगा नहीं, जय महाराष्ट्र। राउत ने पत्रकारों से कहा, यह मुंबई है और हमारी पार्टी शिवसेना हैं जो मुंबई की दादा है। हमारी महा विकास आगाढ़ी सरकार अपना पांच साल का टर्म पूरा करेगी। राउत ने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल हमारी सरकार को गिराने के इरादे से किया जा रहा है।

राज्यसभा के सभापति व देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को बताया, जब से शिवसेना ने भाजपा से अपनी पुरानी दोस्ती तोड़कर एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर महाविकास आगाढ़ी सरकार बनाई है, ईडी तब से सोची समझी नीति के तहत शिवसेना के नेताओं को निशाना बना रहा है। राउत ने नायडू से सत्ता के इस दुरुपयोग और कथित तौर पर राज्यसभा सदस्यों के उत्पीड़न पर संज्ञान लेने की मांग की।
विज्ञापन


राउत ने पत्र में आरोप लगाया कि एक महीने पहले कुछ लोग उनके पास आए और सरकार गिराने में मदद करने की बात कही। वह कुछ ऐसी गतिविधियों में मुझे शामिल करना चाहते थे जिससे राज्य में मध्यावधि चुनाव की नौबत आए। राउत ने ऐसा करने से जब मना किया तो उन्हें इसके परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस पर राउत ने कहा, वह इस सब से डरने वाले नहीं हैं और सच के खिलाफ सदन के भीतर और बाहर आवाज उठाते रहेंगे। राउत ने यह पत्र मंगलवार को लिखा और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार को भी इसकी प्रति सौंपी।

पूर्व रेल मंत्री की तरह जेल में डालने की धमकी मिली
राउत ने अपने पत्र में दावा किया गया कि जो लोग सरकार गिराने में मदद करने की बात कर रहे थे। उन्होंने ने सहयोग नहीं करने पर खामियाजा भुगतने की धमकी दी। उनको धमकाया गया कि अगर बात नहीं मानी तो एक पूर्व रेलमंत्री के जैसा हाल होगा और वर्षों जेल में बिताने पड़ेंगे। यही नहीं महाराष्ट्र कैबिनेट के दो और वरिष्ठ मंत्रियों को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने और जेल में डालने की धमकी मिली।

ये तो ट्रेलर, ईडी के दुरुपयोग की पूरी फिल्म पेश करूंगा
राउत ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, उपराष्ट्रपति को लिखा पत्र तो केवल ट्रेलर है। भाजपा ईडी की मदद से जो आपराधिक सिंडिकेट चला रही है उसकी पूरी फिल्म पेश करूंगा और भाजपा के मंसूबों को सबके सामने लाऊंगा।

ईडी की जांच से डरने वाले नहीं : राउत 
इससे पहले संजय राउत ने कहा था कि ईडी की जांच इसी तरह 2024 तक चलने वाली है और इस तरह की जांच के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं। इससे डरने वाले नहीं हैं। पहले उन्हें भाजपा में शामिल होने का ऑफर मिला था, जब वे शामिल नहीं हुए तो उन्हें धमकाया गया। अब केंद्रीय जांच एजेंसियों को उनके पीछे लगाया गया है।

क्या है मामला?
ईडी की जांच में पता चला है कि सुजीत पाटकर की वाइन कंपनी मेगपाई डीएफएस प्राइवेट लिमिटेड में ईडी संजय राउत की बेटियां उर्वशी और विदिता भी हिस्सेदार हैं। इस मामले की छानबीन के साथ ही ईडी संजय राउत की बेटी की ओर से इस उद्योग में लगाई गई जमापूंजी की भी जांच कर रहा है। वहीं एक दिन पहले बुधवार को ईडी ने संजय राउत के एक अन्य करीबी प्रवीण राउत को एक हजार करोड़ रुपये के जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। सूत्रों का कहना है कि जमीन घोटाले के तार पाटकर से जुड़े हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें