21 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से पहले बृहस्पतिवार को सत्ताधारी दल के एक विधायक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में शामिल हो गए। पालघर से शिवसेना के विधायक, अमित घोडा, वरिष्ठ नेता अजीत पवार और नवाब मलिक की मौजूदगी में पार्टी के मुख्यालय में एनसीपी में शामिल हुए। अमित ने अपने पिता और मौजूदा सेना विधायक कृष्णा घोडा की मौत के बाद फरवरी 2016 में पालघर से उपचुनाव जीता था।
बुधवार को भाजपा के पूर्व विधायक माणिकराव कोकाटे शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हो गए। कोकाटे नासिक जिले के सिन्नार से विधानसभा चुनाव लड़ेगे। कांग्रेस विधायक भरत भालके 30 सितंबर को राकांपा में शामिल हो गए।
भालके सोलापुर के पांडापुर से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के पूर्व विधायक विजय घोडमारे ने 14 सितंबर को राकांपा के प्रति निष्ठा जताई और अब वह नागपुर में हिंगना निर्वाचन क्षेत्र से विपक्षी दल के उम्मीदवार हैं।
दूसरी तरफ, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री गणेश नाइक और सचिन अहीर, सतारा के सांसद उदयनराजे भोसले, विधायक शिवेंद्रसिंह भोसले, वैभव पिचड़ और संदीप नाइक और अन्य ने हाल ही में एनसीपी छोड़ सत्ताधारी भाजपा या शिवसेना में शामिल हो गए थे।