महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के एक मंत्री पुणे में युवती की आत्महत्या के मामले में बुरी तरह घिर गए हैं। इससे जुड़े ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा ने मंत्री पर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने इसकी विस्तृत जांच की मांग करते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो क्लिप, फडणवीस ने डीजीपी को लिखा पत्र
फडणवीस ने पत्र में लिखा है कि पूजा चव्हाण की आत्महत्या से जुड़े 12 ऑडियो क्लिप उनके कार्यालय को भी मिले हैं। पत्र के साथ ऑडियो क्लिप डीजीपी को भेजी गई है। ऑडियो सुनने से बाद सवाल खड़े होते हैं कि क्या युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है। बंजारा समाज में लोकप्रिय रहीं युवती को तुरंत न्याय देने के लिए मामले की गहराई से जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इससे पहले भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा था कि पूजा की आत्महत्या के मामले में यवतमाल से विधायक और राज्यमंत्री का नाम सामने आ रहा है। इस मामले में तुरंत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर एसआईटी से जांच कराई जानी चाहिए। दूसरी ओर, पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि युवती उनके विधानसभा क्षेत्र की है और उसकी मौत की जांच होनी चाहिए।
अजित पवार बोले, आरोप में तथ्य होंगे तो जांच होगी
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि आत्महत्या के किसी भी मामले में पुलिस जांच करती है। आत्महत्या की वजह भी तलाश की जाती है। आरोप में तथ्य होंगे तो जांच होगी। उन्होंने भाजपा पर तंज कसा कि कुछ पार्टियों के पास कोई काम नहीं है, इसलिए इस तरह के आरोप लगाती हैं।
यह है पूरा मामला
पुणे में रह रही बीड जिले के परली की मूल निवासी 22 वर्षीय पूजा चव्हाण ने रविवार आधी रात को इमारत की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। वह अपने भाई के साथ पुणे के हडपसर इलाके के महमंद परिसर में स्थित हैवन पार्क इमारत में रह रही थी। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि पूजा के विदर्भ के एक मंत्री से प्रेम संबंध थे। इस रिश्ते को ही आत्महत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस को कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है।