शिवसेना ने महाराष्ट्र विधान परिषद की मुंबई स्नातक सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है जबकि कोंकण स्नातक सीट पर भाजपा विजयी हुई है। भाजपा ने यह सीट एनसीपी से छीनी है। कोंकण स्नातक सीट पर भाजपा उम्मीदवार निरंजन दावखरे चुनाव मैदान में थे। वह चुनाव से पहले राकांपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने शिवसेना के संजय मोरे को शिकस्त दी।
पिछली बार वह राकांपा उम्मीदवार के तौर पर जीते थे। मुंबई स्नातक सीट पर वर्ष 1985 से ही शिवसेना का कब्जा है। शिवसेना के दिवंगत नेता प्रमोद नवलकर ने यहां से तीन बार चुनाव जीता था। मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री दीपक सावंत भी यहां से दो बार चुनाव जीत चुके हैं। इस बार इस सीट से शिवसेना उम्मीदवार विलास पोटनिस विजयी हुए हैं। उन्होंने भाजपा के अमीत कुमार मेहता को शिकस्त दी है।
मुंबई शिक्षक सीट से लोकतांत्रिक जनता दल के कपिल पाटिल ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। वहीं नासिक शिक्षक सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार किशोर दराडे को जीत मिली। उनको शिवसेना का समर्थन था। इन चार सीटों के लिए कुल 71 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इन सीटों के लिए मतदान 25 जून को कराए गए थे।