सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली 14 जुलाई को हो सकती है। वह पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास भी करेंगे। यह एक्सप्रेस वे पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों को सीधे यूपी की राजधानी लखनऊ से जोड़ेगा।
संत कबीर दास के महापरिनिर्वाण स्थली मगहर के बाद भाजपा गोरक्ष प्रांत के नेता प्रधानमंत्री की अगली रैली आजमगढ़ में कराने की तैयारी में जुट गए हैं। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को देररात गोरखनाथ मंदिर में बैठक भी की।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और गोरक्ष प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी वाली इस बैठक में एक्सप्रेस वे के शिलान्यास और प्रधानमंत्री की रैली की तारीख 14 जुलाई तय की गई है। साथ ही ब्योरा पीएमओ को भेजा गया है। पीएमओ से मंजूरी मिलते ही तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।