लंबे इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को मुंबई में श्रीराम मंदिर रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का आवागमन शुरू हो गया है। रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने श्रीराम मंदिर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। लेकिन, इस उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा और शिवसेना के बीच जमकर महाभारत हुई।
बीजेपी और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। इस पर शिवसेना नेता व सूबे के परिवहन मंत्री दिवाकर रावते ने धमकी दी कि 24 दिसंबर को मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नहीं बोलने देंगे।
पश्चिम रेलवे के उपनगरीय स्टेशन गोरेगांव और जोगेश्वरी के बीच ओशिवरा में बने नए स्टेशन का नाम श्रीराम मंदिर रखा गया है। केंद्र में सत्तासीन भाजपा उत्तर प्रदेश की पावन नगरी अयोध्या में भले ही श्रीराम मंदिर बनवाने का श्रेय नहीं ले सकी लेकिन मुंबई में श्रीराम मंदिर रेलवे स्टेशन के बहाने इसका श्रेय लूटने की कोशिश की, जो शिवसेना को रास नहीं आई।
रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन कार्यक्रम शुरू होते ही शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने बाल ठाकरे के नाम पर नारेबाजी शुरू की तो बीजेपी-बजरंग दल के कार्यकर्ता जय श्रीराम और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इससे मंच पर भाषण दे रहे परिवहन मंत्री दिवाकर रावते नाराज हो गए।
उन्होंने कहा कि यदि हमें नहीं बोलने दिया जाएगा तो शनिवार को मुंबई आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी नहीं बोलने देंगे। इससे मामला बिगड़ गया और रावते को मंच से उठकर चले जाना पड़ा। भाजपा-बजरंग दल और शिवसेना कार्यकर्ताओं के बीच हुए इस घमासान में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।