महाराष्ट्र के शिरडी में गुरु पूर्णिमा के मौके पर आंध्र प्रदेश के एक साईं भक्त ने साईं बाबा को 1.05 करोड़ रुपये कीमत का सोने का मुकुट भेंट किया। यह मुकुट उन्होंने श्रद्धा और गुरु दक्षिणा के रूप में शिरडी स्थित श्री साईं बाबा संस्थान को अर्पित किया। श्री साईं बाबा संस्थान में भक्त की ओर से चढ़ाए गए इस सोने के मुकुट को साईं बाबा के प्रति उनकी आस्था और भक्ति का प्रतीक बताया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 642 ग्राम सोने से बने इस मुकुट को नेल्लोर के रहने वाले साईं भक्त मल्लादी श्रीनिवास राव ने मंदिर में गुरु दक्षिणा के रूप में भेंट किया। यह भेंट गुरु पूर्णिमा समारोह के पहले दिन दी गई।
श्री साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, इस खास तरीके से तैयार किए गए मुकुट पर भगवान विष्णु के 10 अवतार यानी दशावतार की आकृतियां बनाई गई हैं। इसी वजह से यह भेंट खास मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें:
लोकसभा: 'राहुल गांधी को माफी मांगनी पड़ेगी', अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर संसदीय कार्य मंत्री ने जताई आपत्ति
भक्त ने क्यों चढ़ाया नवग्रह मुकुट?
राव ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि इस मुकुट की प्रेरणा उन्हें इस विश्वास से मिली कि साईं बाबा हिंदू परंपरा में बताए गए नौ ग्रहों यानी नवग्रह का स्वरूप हैं।
उन्होंने कहा, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मैं बाबा को यह नवग्रह मुकुट अर्पित कर रहा हूं। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है। साईं बाबा स्वयं नवग्रह का स्वरूप हैं। मुझे उनकी सेवा करने और दान देने का अवसर मिला, इसलिए मैंने यह भेंट की। उन्होंने आगे कहा कि साईं बाबा में कई दिव्य स्वरूपों का समावेश है, जिनमें भगवान विष्णु, भगवान शिव, भगवान ब्रह्मा, दत्तात्रेय और मां शक्ति शामिल हैं।
मंदिर ट्रस्ट ने क्या कहा?
मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने भक्त का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा एक विशेष अवसर होता है, जब भक्त अपने आध्यात्मिक गुरु माने जाने वाले साईं बाबा को गुरु दक्षिणा अर्पित करते हैं।
उन्होंने बताया कि राव लंबे समय से साईं बाबा के भक्त हैं। वह साल में कई बार शिरडी आते हैं और पहले भी मंदिर ट्रस्ट की सामाजिक और सेवा से जुड़ी योजनाओं में सहयोग कर चुके हैं। इनमें साईं बाबा अस्पताल और भक्तों के लिए सुविधाओं के लिए दिए गए दान भी शामिल हैं।