यूपी में कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने अपनी मंशा से कांग्रेस आलाकमान को भी अवगत करा दिया है। हालांकि शीला दीक्षित कहती हैं कि यह उनका अपना फैसला है। पार्टी आलाकमान का निर्णय ही अंतिम होगा। शीला चाहती हैं कि वह चुनाव लड़ने की बजाय पूरे प्रदेश में घूमकर कांग्रेस उम्मीदवारों को चुनाव जितवाएं।
शीला दीक्षित के यूपी में चल रहे दौरों के बीच लगातार उनके चुनाव क्षेत्र को लेकर भी खबरें आ रही थीं । कभी उनके लखनऊ से तो कभी दिल्ली से सटे नोएडा से चुनाव लड़ने को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। शीला दीक्षित ने इस तरह के सभी कयासों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि वह खुद कहीं से उम्मीदवार नहीं होंगी।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में शीला दीक्षित ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह किसी एक विधानसभा क्षेत्र में नहीं बंधना चाहती। पूरे प्रदेश में घूमकर कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगी। खुद चुनाव लड़ने से एक विधानसभा पर अधिक फोकस करना होगा। जबकि पूरे प्रदेश में कांग्रेस को बेहतर स्थान पर लाना उनका लक्ष्य है।