दतिया में रविवार को सिंध नदी के तेज बहाव में बह गए युवक को हेलीकाप्टर की मदद से बचाया गया। घटना उस समय हुई जब वह अपने खेत पर मोटर उठाने गया और नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के दतिया जिले में भजनलाल पुत्र शिवचरण ढीमर सिंध नदी के पास खेत में मोटर उठाने गया युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। उसने बचने का काफी प्रयास किया। इस दौरान वह एक जगह एक बडे़ पत्थर को पकड़ कर वह खड़ा हो गया। इसी बीच भजनलाल के पुत्र शैलेश व ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी बडौनी थाने को दी। जिसके बाद प्रशासन से मिली खबर पर कलक्टर मदन कुमार ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सेना व वायुसेना ग्वालियर के अधिकारियों से संपर्क कर मदद मांगी। वे स्वयं भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
उन्होंने ग्वालियर, झांसी के कलक्टर से भी संपर्क कर रेस्क्यू टीम मांगा। वहीं कलक्टर दतिया मदन कुमार ने सिंध नदी में आने वाले पानी को नरवर मगरौनी वियर से पानी न छोड़ने के भी निर्देश दिए। इससे नदी में पानी का बहाव थोड़ा कम हुआ तो भजनलाल की जान में जान आई।
इसके बाद एयरफोर्स के हेलीकाप्टर ने सिंध नदी पर आकर भजनलाल की स्थिति देखकर सीढ़ी लटकाई जिसे पकड़कर भजनलाल ऊपर चढ़ गया। दतिया में हेलीकाप्टर से कभी भी किसी की जान बचाने का यह पहला मामला है। कलक्टर मदन कुमार का कहना था कि काफी मुश्किल कार्य था, जिसे सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया और एक व्यक्ति की जान बच सकी।