राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े मजदूर यूनियन भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने वादे न पूरा करने को लेकर मोदी सरकार को घेरा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि सरकार के इस उपेक्षित नजरिये के खिलाफ हर संभव कदम उठाएंगे। इसमें हड़ताल कर सड़कों पर उतरना भी शामिल है।
भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने अपनी मांगों के लिए दो सितंबर को एक दिवसीय हड़ताल की घोषणा की थी। हालांकि बाद में इसे वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ मंगलवार को होने वाली बैठक तक रोक दिया गया था। वित्त मंत्री बीएमएस से उनकी मांगों को लेकर वार्ता करेंगे। बीएमएस महासचिव ब्रिजेश उपाध्याय ने बताया कि रविवार को भोपाल में पूरी हुई संघ की 136वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में सरकार के मांगे पूरी न करने पर कड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया गया।