अभिनेता से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्वीटर पर टैग करते हुए उनसे भारत में चीनी मोबाइल एप्लिकेशन पर सरकार की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा ने सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए इस मुद्दे पर सरकार से सवाल किया। सिन्हा ने अपने पहले ट्वीट में कहा, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भ्रम बरकरार है...एक सोशल मीडिया रिपोर्ट पर देखा कि भारत में कुछ चीनी एप पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसमें यह भी दावा किया गया कि इलेक्ट्रॉनिक और आईटी मंत्रालय के अंतर्गत एनआईसी ने कुछ चीनी एप के भारत में प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया है।'
अपने दूसरे ट्वीट में सिन्हा ने कहा, 'हालांकि, पीआईबी के फैक्ट चेक ट्विटर हैंडल ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि ऐसा कोई भी निर्देश नहीं दिया गया है। ये सभी रिपोर्ट भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव के दौरान आ रही हैं। सर ये भ्रम और विरोधाभास क्यों है? ऐसी रिपोर्ट भ्रामक सी लग रही हैं।' उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को जरूरी कार्रवाई करने को कहा।
यह भी पढ़ेंं: चीन ने फिर की नापाक हरकत, गलवां में हिंसा वाली जगह दोबारा लगाए टेंट
पीआईबी के संदर्भ में ट्वीट 19 जून को पोस्ट किया गया था जिसमें कहा गया था कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
मंगलवार को कांग्रेस नेता ने सीमा विवाद को लेकर ट्वीट किया और पीएम मोदी से लोगों के बीच भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर पैदा हुए विरोधाभास पर सवाल किया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि ऐसा लग रहा है, जैसे देश भ्रम में है और उसे पता नहीं है कि किस बात पर यकीन किया जाए।
सिन्हा ने कहा, 'हम आपसे इस क्रूर हमले और हमारे 20 बहादुरों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत पर जवाब चाहते हैं। आशा और प्रार्थना है कि आप इस मुद्दे पर जल्द जवाब देंगे, बिना किसी और देरी के। इन कठिन समय में राष्ट्र आपके साथ एकजुट है। जय हिंद!'