वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने सोमवार को कहा कि भारत के एक गौरवान्वित नागरिक के तौर पर उन्हें पाकिस्तान के बालाकोट स्थित आतंकी शिविर पर की गई वायुसेना की करवाई पर पूरा विश्वास है, लेकिन वहां 300-350 लोगों के मारे जाने की यह संख्या किसने बताई है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरी दुनिया वायुसेना के इस अभियान पर यकीन करे, इस बारे में सरकार को प्रयास करने चाहिए।
चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, 'वायुसेना की कार्रवाई के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सबसे पहले वायुसेना को सलाम किया। मोदी जी यह क्यों भूल जाते हैं?' उन्होंने कहा, 'वायुसेना के वायस एयर मार्शल ने कार्रवाई में मारे गए लोगों की संख्या के बारे में टिप्पणी करने से इनकार किया। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि कोई आम व्यक्ति और सैनिक हताहत नहीं हुआ। फिर किसने मारे गए लोगों की संख्या 300-350 बताई?'
चिदंबरम ने यह भी कहा, 'एक गौरवान्वित नागरिक के तौर पर मुझे अपनी सरकार में भरोसा है। लेकिन अगर हम चाहते हैं कि दुनिया इस पर विश्वास करे तो सरकार को विपक्ष पर निशाना साधने के बजाय इस दिशा में प्रयास करने चाहिए।'
कांग्रेस के दूसरे वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने एयर स्ट्राइक पर कहा, 'प्रधानमंत्री को अतंरराष्ट्रीय मीडिया की उस रिपोर्ट पर जवाब देना चाहिए जिसमें कहा गया है कि मुश्किल से बालाकोट में किसी की मौत हुई है। उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री से पूछना चाहता हूं कि क्या अतंरराष्ट्रीय मीडिया पाकिस्तान के समर्थन में है? जब अतंरराष्ट्रीय मीडिया पाकिस्तान के खिलाफ बोलती है तो आप गर्वित महसूस करते हैं। जब वह सवाल पूछते हैं, तो क्या वह इसलिए पूछ रहे हैं क्योंकि वह पाकिस्तान का समर्थन करते हैं?'