पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर में मौजूद है एशिया का सबसे बड़ा रेड लाइट एरिया सोनागाछी। यहां करीब 10 हजार सेक्स वर्कर्स का घर है। यूं तो दुर्गा पूजा के समय पूरे पश्चिम बंगाल में खुशियां रहती हैं। लेकिन इसबार सोनागाछी भी पीछे नहीं है। यहां करीब 3 हजार सेक्स वर्कर्स ने 6 फीट ऊंची दुर्गा मां की मूर्ति के साथ एक छोटा सा पंडाल लगाया है।
35 वर्षीय तुम्पा (बदला हुआ नाम) एक सेक्स वर्कर हैं। उनका कहना है कि इस बार की दुर्गा पूजा के लिए वह बहुत उत्सुक है। वह सामुदायिक पंडाल में बैठ पाने के लिए बेहद खुश है। इसके लिए उन्होंने तीन साड़ियां भी खरीदी हैं। इस इलाके में महिलाओं ने पहली बार दुर्गा पूजा का आयोजन किया है। पूजा से संबंधित सारे अनुष्ठान महिलाओं ने किए हैं। यहां तक कि पंडाल में लगी दुर्गा मां की मूर्ति भी महिला कलाकार कांची पाल ने ही बनाई है।