Maharashtra: महाराष्ट्र के बीड़ जिले के परली वैजनाथ में परीक्षा विवाद को लेकर दो लोगों ने एक संगीत स्कूल में घुसकर 11 छात्रों और एक अन्य व्यक्ति पर बेल्ट और डंडों से हमला किया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र के बीड़ जिले के परली वैजनाथ शहर में एक संगीत स्कूल में परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर दो लोग स्कूल में घुसे और उन्होंने 11 छात्रों पर बेल्ट और डंडों से हमला किया और एक अन्य व्यक्ति को भी पीट दिया। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।
विज्ञापन
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब पौने 12 बजे परली वैजनाथ शहर के सिद्धेश्वरनगर इलाके में स्थित श्री नर्मदेश्वर गुरुकुल में हुई। पुलिस ने बताया कि इस हमले में घायल हुए सभी 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की पहचान दिनेश रावसाहेब माने और बालू बाबूराव एकिलवाले के रूप में हुई है। इनके खिलाफ संभाजीनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब छात्र स्कूल जा रहे थे, तभी दोनों आरोपी उनके पास पहुंचे और किसी परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर उन्हें धमकाने लगे। इस बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूल के अंदर घुस गए और वहां तोड़फोड़ की। उन्होंने स्कूल में 11 छात्रों पर बेल्ट और डंडों से हमला कर दिया।
घायल छात्रों को अस्पताल ले जाने के बाद हमलावर दोबारा लौटे और स्कूल संचालक के पिता बालासाहेब शिंदे पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। बाद में उन्हें अंबाजोगाई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह गुरुकुल पिछले तीन वर्षों से अर्जुन महाराज शिंदे चला रहे हैं। इस समय यहां 42 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, जो भजन, कीर्तन और मृदंगम जैसे विभिन्न संगीत विधाओं की शिक्षा लेते हैं। साथ ही ये छात्र किसी अन्य स्कूल में अपनी नियमित पढ़ाई भी करते हैं। निरीक्षक धनंजय ढोणे ने बताया कि मामला संभाजीनगर थाने में दर्ज किया गया है। गुरुकुल के प्रमुख अर्जुन महाराज शिंदे ने हमलावरों के साथ किसी भी व्यक्तिगत विवाद से इनकार किया।
उन्होंने कहा, हम तीन साल से इस गुरुकुल को चला रहे हैं और हमलावरों के साथ हमारा कोई व्यक्तिगत झगड़ा नहीं है। इसके बावजूद, वे स्कूल में घुस आए और छात्रों तथा मेरे पिता पर हमला किया।