Gujarat: मेहसाणा में निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा
- फोटो : एएनआई
गुजरात के मेहसाणा में निर्माण स्थल पर मिट्टी धंसने से नौ मजदूरों की मौत हो गई। जबकि एक घायल है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना कादी शहर के जासलपुर गांव में हुई, जहां मजदूर एक फैक्ट्री के लिए भूमिगत टैंक के लिए गड्ढा खोद रहे थे। इस दौरान मिट्टी धंस गई और मजदूर उसमें दब गए। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं और फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए प्रयास शुरू किए गए।
इससे पहले, जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) डॉ. हसरत जस्मीन ने बताया था कि यह घटना आज दोपहर करीब 1:45 बजे हुई। उन्होंने बताया कि यह एक निजी कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा था। हमारे पास जो जानकारी है, उसके अनुसार 9-10 लोग फंसे हुए थे, जिनमें से छह के शव बरामद किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया था कि एक 19 वर्षीय युवक को जिंदा बचा लिया गया है और उसके मुताबिक यहां 8-9 लोग काम कर रहे थे। अभी भी 2-3 लोग फंसे हुए हैं। हम उन्हें भी जल्द सुरक्षित बाहर निकालेंगे।
पीएम मोदी ने जताया घटना पर दुख
प्रधानमंत्री ने भी इस घटना पर भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया, गुजरात के मेहसाणा में दीवार गिरने से हुई दुर्घटना अत्यंत दर्दनाक है। इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहन करने का संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
पीएमओ के मुताबिक, हादसे के प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।