तेलंगाना में तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण रविवार को 12 लोगों की मौत हो गई। नागरकुर्नूल जिले के तंदूर में एक निर्माणाधीन डेयरी की दीवार गिरने में एक 10 वर्षीय लड़की समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में चार अन्य घायल भी हुए। मृतकों की पहचान फार्म के मालिक बेल मल्लेश, उनकी बेटी अनुशा, दो सहयोगी एस रामुलु और उनकी पत्नी चेन्नम्मा के तौर पर की गई है। मल्लेश की पत्नी और अन्य सहयोगी राजू, चिन्ना नागुलु और कुमुरैय्या इस हादसे में घायल हो गए। चिन्ना नागुलु की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें हैदराबाद के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। बाकी के तीनों का इलाज नागरकुर्नूल सरकारी अस्पताल में जारी है।
रविवार को हफीजपेट में बारिश के कारण एक तीन वर्षीय बच्चे और 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बच्चे की मौत बालकनी की छत उसपर गिरने से हुई, जबकि व्यक्ति की जान ईंट लगने से गई। ईंट लगने के बाद उन्हें गंभीर चोट आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। विकाराबाद के एक ड्राइवर की मौत लोहे की शेड गिरने से हुई। इसी जिले में बिजली गिरने से एक अन्य व्यक्ति भी जान चली गई।
सिद्दीपेट जिले के मुलुगु मंडल के क्षीरसागर में एक पोल्ट्री फार्म की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत और तीन घायल हो गए। मेडचल जिले के कीसरा में पेड़ गिरने से दो की जान चली गई। नागरकुर्नूल, विकाराबाद, कामारेड्डी और यदाद्री-भुवनागिरी जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।