गुजरात में सात लोगों की कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गई है। मृतकों में चार सफाईकर्मी शामिल हैं। घटना वडोदरा के फारतिकुई गांव की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि घटना उस वक्त की है जब ये लोग एक होटल के सेप्टिक टैंक की सफाई कर रहे थे।
पुलिस ने होटल के मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी की मौत एक दूसरे को खोजने के कारण हुई है। जानकारी के मुताबिक यहां के दर्शन होटल में चार व्यक्ति (महेश पतनवडिया, अशोक हरिजन, बृजेश हरिजन और महेश हरिज) सेप्टिक टैंक की सफाई करने के लिए आए थे। वहीं होटल में काम करने वाले तीन अन्य व्यक्ति (विजय चौधरी, सहदेव वसावा और अजय वसावा) इस काम में इनकी मदद कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक सबसे पहले पतनवडिया सफाई करने के लिए सेप्टिक टैंक में दाखिल हुए। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आए और ना ही अंदर से कोई आवाज आई तो अशोक, बृजेश और महेश अंदर चले गए। लेकिन जब ये चारों भी बाहर नहीं आए तो चौधरी, सहदेव और अजय उनकी मदद के लिए अंदर चले गए। जिसके बाद ये लोग भी बेहोश होकर अंदर ही गिर गए।
जब सातों में से कोई भी बाहर नहीं आया तो घटना की सूचना दाभोई नगर पालिका और स्थानीय पुलिस को दी गई। नगर पालिका के पास आवश्यक उपकरणों की कमी थी जिसके बाद वडोदरा दमकल विभाग को मदद के लिए बुलाया गया।
दमकल अधिकारी निकुंज आजाद ने बताया, "टैंक के अंदर गैस का प्रेशर अधिक होने के कारण सभी सात लोगों की मौत हो गई। हम किसी तरह उनके शव निकाल सके हैं।" बताया जा रहा है कि घटनास्थल से शवों को निकालने के बाद वडोदरा नगर निगम की गाड़ी ने टैंक की सफाई की। दमकल अधिकारी मनीष का कहना है कि टैंक की सफाई इसलिए की गई ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई और तो अंदर नहीं रह गया है।