मध्यप्रदेश के गुना में 7 लड़कों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। मीडिया खबरों के मुताबिक घटना लालूआतोरा इलाके की है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक लड़के गुना से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित तालाब में नहाने गए थे, जहां गहरे पानी में जाने से वे डूब गए।
इस सनसनीखेज मामले का पता तब चला जब एक लड़के की लाश शाम के वक्त तालाब में देखी गई। कुछ और लड़कों के कपड़े भी देखे जाने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन की तो बाकी लड़को की लाशें भी बरामद हुई। घटना से इलाके में हड़कंप मचा है। लोग सहमे हुए हैं। पुलिस ने शवों की पहचान कर ली है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गुना से सांसद और कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मृतकों के घरवालों के वित्तीय सहायता देने की बात कही है।