नगालैंड : 14.32 करोड़ की सुपारी जब्त
असम राइफल्स ने सोमवार को नगालैंड के कोहिमा में राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर एक तलाशी अभियान में 14.32 करोड़ रुपये की 120 टन सुपारी जब्त की।
पुलिस ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर असम राइफल्स के सैनिकों ने चेक पोस्ट लगाया था। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर जखामा के पास चार पिकअप और पांच ट्रक बिना किसी परमिट या दस्तावेज के सुपारी ले जाते हुए पाए गए। इसके बाद जब्त सुपारी और वाहनों और आरोपियों को सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
ओडिशा : रिश्वतखोरी के लिए पूर्व बैंक मैनेजर को 4 साल का कठोर कारावास
भुवनेश्वर की सीबीआई अदालत ने मंगलवार को पूर्व बैंक प्रबंधक दुर्योधन सेठी को सात साल पहले रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के लिए चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। भुवनेश्वर के विशेष सीबीआई न्यायाधीश की अदालत ने मामले में दुर्योधन सेठी को दोषी पाया।
ओडिशा के ढेंकनाल जिले के दादरघाटी में एक बैंक के शाखा प्रबंधक के रूप में अपनी पोस्टिंग के दौरान सेठी ने पोल्ट्री ऋण के लिए एक व्यक्ति से रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई ने जाल बिछाकर सेठी को 9 अगस्त, 2016 को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया था। अदालत ने सुनवाई के बाद सेठी को दोषी ठहराया।
कनार्टक : हनुमान ध्वज विवाद में अफसर निलंबित, तनाव
कर्नाटक के मांडया में 108 फुट ऊंचे हनुमान ध्वज हटाने को लेकर बढ़ते तनाव के बीच केरागोडु ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (पीडीओ) को निलंबित कर दिया गया है। मांडया जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शेख तनवीर आसिफ की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि केरागोडु गांव में केवल तिरंगा फहराने की अनुमति दी थी। आदेश में कहा गया है कि पीडीओ ने न केवल लोगों को हनुमान ध्वज फहराने का मौका दिया, बल्कि इसे हटाने के लिए भी कदम नहीं उठाया।