कई देशों में छह माह के अंतराल पर दी जा रही है तीसरी खुराक
मंडाविया को लिखे एक पत्र में एसआईआई में सरकारी एवं नियामकीय मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने कहा है कि विभिन्न देशों में कोरोना रोधी टीके की तीसरी खुराक छह माह के अंतराल पर दी जा रही है। इससे संक्रमण को रोकने में बहुत अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं।
प्रकाश कुमार सिंह ने यह भी कहा कि निजी कंपनियां, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन, केंद्र सरकार के संगठनों के साथ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की ओर से भी उनके कर्मचारियों और परिवारों के लिए कंपनी से कोविशील्ड की तीसरी खुराक उपलब्ध कराने का अनुरोध कर रहे हैं।
उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के 21 जनवरी के एक पत्र का उल्लेख किया जिसमें कहा गया था कि पांच चुनावी राज्यों (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा) में चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों को कोरोना टीके की एहतियायी खुराक, दूसरी खुराक लगाए जाने के तीन महीने बाद दी जा सकती है। इसके लिए कोविन पोर्टल पर जरूरी बदलाव भी किए गए हैं।
28 जनवरी तक लग चुकीं एक करोड़ से ज्यादा तीसरी खुराक
सिंह ने कहा कि 28 जनवरी तक एक करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना टीकों की तीसरी खुराक लगाई जा चुकी है, इनमें से 90 लाख से अधिक खुराकें कोविशील्ड टीके की लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए हम आपसे अनुरोध करते हैं कि हमारे अनुरोधों पर विचार करें।
टीके की दूसरी और तीसरी खुराक के बीच के अंतराल को कम करने के अनुरोध के साथ पत्र में कहा गया कि यह समय की जरूरत है और बड़े स्तर पर लोगों के हित में है। इससे कोविड-19 के विभिन्न वैरिएंट के तेज और अप्रत्याशित प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, जो हमारे देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक स्थिरता को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।