कोरोना संक्रमण के कहर से देशवासियों को जल्द राहत मिल सकती है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर कोरोना वैक्सीन बना रहे सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला का कहना है कि इस माह के अंत तक देश में कोरोना वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की अनुमति मिल सकती है।
पूनावाला ने बताया कि उनकी कंपनी सरकार के साथ-साथ निजी बाजार के लिए कोरोना वैक्सीन की डोज तैयार कर रही है। केंद्र सरकार अगले साल जुलाई तक टीके की 30 से 40 करोड़ खुराक खरीदना चाहती है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की योजना देश की 20 से 30 फीसदी आबादी को कोरोनारोधी टीका देने की है। उन्होंने संभावना जताई कि अगले साल अक्तूबर तक देश की अधिकांश आबादी को कोरोना वैक्सीन का टीका लग जाएगा। तब ही जिंदगी सामान्य होगी।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ एसआईआई की साझेदारी
कोरोना वैक्सीन के लिए सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने वैश्विक दवा कंपनी एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी की है। कोविड-19 महामारी के टीके के तीसरे चरण के परीक्षण के अंतरिम परिणाम कुछ समय पहले जारी किए गए थे। शुरुआती संकेतों से पता चला था कि यह टीका बिना लक्षण वाले संक्रमण के मामलों में वायरस के प्रसार को कम कर सकता है। दो ट्रायल के संयुक्त विश्लेषण के आधार पर टीका औसतन 70 फीसदी प्रभावी रहा है। भारत में इस टीके को कोविशील्ड नाम दिया गया है।