ओडिशा की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अपराजिता सारंगी के वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्त योजना) को प्रधानमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिल गई है। इसके लिए उन्होंने ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। माना जा रहा है कि वह जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकती हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 1994 बैच की ओडिशा कैडर की आईएएस अधिकारी सारंगी 2013 से केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर थीं। उनके इस साल अक्तूबर में गृह राज्य ओडिशा वापस जाने की अटकलें थीं लेकिन इससे पहले ही सितंबर में उन्होंने वीआरएस के लिए आवेदन कर दिया था।
हालांकि उन्होंने अभी अपने अगले कदम के बारे में कोई खुलासा नहीं किया है लेकिन सूत्रों का कहना है कि वह जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकती हैं और लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। इस बीच बीजद उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा और भाजपा नेता प्रदीप पुरोहित ने कहा कि यदि वह सक्रिय राजनीति में आने और पार्टी में शामिल होने फैसला करती हैं तो हमारी पार्टी उनका स्वागत करेगी।