इनफोसिस के सह-संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति ने कहा है कि अगर आईटी कंपनियों के सीईओ और बड़े अधिकारी अपने वेतन में कटौती करें तो इंडस्ट्री में युवाओं की नौकरियां बचाई जा सकती हैं। मूर्ति ने कहा कि सभी आईटी कंपनियों के प्रमुख छंटनी की समस्या हल करना चाहते हैं और उन्हें इस बारे में कोई शक नहीं है।
मूर्ति ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब उद्योग ने छंटनी की समस्या का सामना किया है। इसलिए बहुत ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए। उद्योग पहले भी इस समस्या से निपट चुका है और समाधान ढूंढ चुका है।
2001 और 20018 में जब बाजार में सुस्ती आई थी, उस समय इनफोसिस ने किस तरह छंटनी की समस्या का हल निकाला, इसका उदाहरण देते हुए मूर्ति ने कहा कि प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपने वेतन में कटौती किए जाने के बाद कंपनी युवाओं की नौकरियां बचाने में सक्षम हो सकी थी। 2001 के वक्त हमने 1,500 इंजीनियरों को नौकरी दी थी।