केरल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केके रामचंद्रन का बृहस्पतिवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 84 साल के थे। रामचंद्रन मास्टर के नाम से मशहूर कांग्रेस नेता तीन बार कलपट्टा और तीन बार सुल्तान बत्तेरी से विधायक रहे।
कन्नूर के रहने वाले रामचंद्रन 1980 में अध्यापक की नौकरी छोड़ने के बाद राजनीति में सक्रिय हुए थे। वह कोझिकोड जिला कांग्रेस समिति के सचिव भी रहे। रामचंद्रन 1995 में एके एंटनी सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री और 2004 में ओमन चांडी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और नेता विपक्ष रमेश चेन्निथला ने उनके निधन पर शोक जताया है।