वित्तमंत्री अरुण जेटली को आईना दिखाते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने उन्हें नसीहत दी है। आनंद शर्मा ने वित्त मंत्री के दावे पर कहा कि वह खुद अपने गाल पर तमाचा मार रहे हैं। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री पढ़े-लिखे आदमी हैं। उनको जिम्मेदारी से बोलना चाहिए। वह हिंदुस्तान जैसे देश के वित्तमंत्री हैं और उन्हें ऐसी कोई बात नहीं कहनी चाहिए, जिससे दुनिया भर की एजेंसियां और लोग चौंक जाएं।
झूठ बोल रहे हैं वित्त मंत्री
आनंद शर्मा ने कहा कि वित्त मंत्री झूठ बोल रहे हैं। वह कह रहे हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था का बुनियादी ढांचा मजबूत है। यह सरासर गलत है। दूसरा, उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। आनंद शर्मा ने कहा कि वित्त मंत्री का यह कथन तथ्यात्मक रूप से गलत है। पिछली छह तिमाही से देश की जीडीपी लगातार घट रही है।
पिछली तिमाही के अनुसार 5.7 फीसदी का अनुमान व्यक्त किया गया, जबकि यह नई मेथडॉलॉजी पर आधारित है। यदि पुराने हिसाब से गणना की जाए तो यह 3.7-4 फीसदी की होगी। शर्मा कहते हैं कि चीन की अर्थव्यवस्था भारत से पांच गुना बड़ी है और 6.9 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रही है, इसलिए भारत के वित्त मंत्री को सोचकर, शब्द तौलकर मुंह खोलना चाहिए।
पढ़ें: GST को लेकर राहुल का जेटली पर तंज- आप किसी से कम नहीं लेकिन आपकी दवा में दम नहीं
मायाजाल में फंसा रहे हैं जेटली
सरकार के अधिकारियों, आर्थिक सलाहकार आदि की टीम को लेकर देश के वित्तमंत्री जनता को मायाजाल में फंसा रहे हैं। आनंद शर्मा ने कहा कि वह हकीकत पर पर्दा डालकर देश को गुमराह कर रहे हैं। सात लाख करोड़ के हाईवे प्रोजेक्ट को वे ऐसा दिखा रहे हैं, जैसे इसे मौजूदा सरकार ने किया है।