सेल्फी का शौक एक और जिंदगी पर भारी पड़ गया। कुआनो में पानी के बीच घुसकर खुद की तस्वीरें उतार रहा शख्स इस हद तक मशगूल हुआ कि गहरे पानी में पहुंचकर नदी की तलहटी में मौजूद घास (शैवाल) में पांव उलझने का अहसास ही नहीं हुआ। निकलने की कोशिश में मय मोबाइल फोन पानी में जा गिरा। आसपास के लोगों की मदद से नदी से निकालकर उसे इलाज दिलाने की कोशिश हुई लेकिन इसी बीच उसने दम तोड़ दिया।
घटना अमहट इलाके में कुआनो के धोबीघाट के करीब की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम करीब 4.15 बजे बाइक से तीन युवक वहां पहुंचे। इनमें शामिल आवास विकास कॉलोनी के आरडी शर्मा का बेटा अखिलेश (20) ने कपड़े उतारे और मय मोबाइल फोन के नदी में दाखिल हो गया। मोबाइल फोन के कैमरे को चेहरे के करीब रखकर वह खुद की तस्वीरें खींचता रहा और इस बीच गहरे पानी की तरफ पीठ करके बढ़ता भी गया। अचानक कदम लड़खड़ाते देखे तो तट पर मौजूद साथियों ने बाहर आने के लिए कहा। बाहर निकलने की कोशिश में वह गिर गया। डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने बमुश्किल बाहर निकाला। बाहर आने पर नदी की तलहटी की घनी घास उसके पैरों में उलझी मिली, जबकि उसकी हालत बिगड़ चुकी थी।
पुलिस की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत बताकर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस जानकारी से जहां घर में कोहराम मच गया, वहीं आम लोग जानलेवा नौबत तक पहुंच रहे सेल्फी के शौक को कोसते रहे। बताया जा रहा है कि अखिलेश के चाचा त्रियुगी प्रसाद शर्मा पुलिस में हैं, उन्हीं के पास वह रहता था।
डीआईजी लक्ष्मी नारायण ने घटना के हवाले से युवाओं और सेल्फी के शौकीनों को आगाह किया है। जान को जोखिम से बचाने के लिए सावधानी की अपील भी की है।