मणिपुर में सुरक्षबलों की कार्रवाई पर अधिकारियों ने कहा कि, जब्त हथियारों की फॉरेंसिक जांच कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये हथियार कहां से आए और किन समूहों की तरफ से इन्हें जमा किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, आगामी दिनों में और भी तलाशी अभियान चलाए जा सकते हैं।
मणिपुर में हिंसा और अस्थिरता के बीच सुरक्षा बलों ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चुराचांदपुर और थौबल जिलों में बुधवार को कई सफल संयुक्त छापेमारी अभियान चलाए। इन समन्वित ऑपरेशनों के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई, जिससे राज्य में शांति बहाली की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
चुराचांदपुर के डम्पी रिज से हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस के मुताबिक चुराचांदपुर जिले डम्पी रिज से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सॉन्गफेल के पास डम्पी रिज में सुरक्षा बलों की तरफ से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और सैन्य सामग्री बरामद की गई। इस दौरान 14 देशी सिंगल बैरल रायफलें, एक पिस्तौल (मैगजीन समेत), एक पोम्पी (स्वदेशी हथियार), 9 देसी आईईआडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस), 8 पोम्पी गोला-बारूद, 23 कारतूस (12 बोर), 10 जिंदा गोलियां (.303 कैलिबर), एक जिंदा गोली (9एमएम) तीन खाली कारतूस (.303), तीन सैन्य हेलमेट और 2 बोअफेंग रेडियो सेट (कम्युनिकेशन उपकरण) बरामद किए।
विज्ञापन
इसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुआलियान गांव में मणिपुर पुलिस और सुरक्षाबलों ने तलाशी के दौरान 3 देसी सिंगल बैरल रायफलें, 1 देसी पिस्तौल, 3 सिंगल बैरल रायफलें, 4 कारतूस (12 बोर), 1 पोम्पी हथियार, 4 पोम्पी गोलियां, 1 जिंदा गोली (7.62एमएम), 2 खाली खोखे (5.56एमएम) 4 टियर स्मोक कारतूस (भीड़ नियंत्रण सामग्री) बरामद किए।
थौबल जिले के खोंगजोम थाना इलाके में कार्रवाई
इसी तरह से थौबल जिले के खोंगजोम थाना क्षेत्र में लंगाथेल हैंगोईपत इलाके से मणिपुर पुलिस ने 4 सेल्फ-लोडिंग राइफल्स (एसएलार) औ 8 एसएलआर मैगजीन बरामद किए। इन सभी जब्तियों को सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से अवैध हथियारों की तस्करी रोकने और मणिपुर में शांति बहाल करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा बताया गया है।