असम में सुरक्षाबलों के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। यहां नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड- आईएम (एनएससीएन- आईएम) के दो उग्रवादी पकड़े गए हैं। दरअसल तिनसुकिया जिले में लेडो के पास असम पुलिस के साथ भारतीय सेना के सैनिकों ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया था, जहां एनएससीएन- आईएम)के दो उग्रवादियों को धर-दबोचा गया।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (इसाक मुइवा) जिसे एनएससीएन (आईएम) नाम से भी जानते हैं, उसके दो उग्रवादियों को रविवार को गिरफ्तार किया गया था। पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान एसएस लेफ्टिनेंट कर्नल रामपोंग हखुन जॉनी और एसएस सार्जेंट कोइम्बुंडे के रूप में की गई है।
क्षेत्र में उग्रवादियों की मौजूदगी को लेकर इंटेलिजेंस इनपुट मिला था, जिसके आधार पर संयुक्त टीम ने एक ऑपरेशन शुरू किया। इन उग्रवादियों पर शक है कि ये दोनों ऊपरी असम में विध्वंसक और जबरन वसूली गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे।
इनके पास से एक विदेशी 9 एमएम पिस्टल, वन प्वाइंट 22 पिस्टल और गोला बारूद के 10 लाइव राउंड बरामद हुए हैं। इसके अलावा ऑपरेशन पर गई टीमों को इनके पास से 10,000 रुपये नकद भी मिले। पूछताछ और आगे की जांच को लेकर इन्हें लेडो पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।