फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक, सीआरपीएफ के बावजूद घर में कार के साथ घुसे सात लोग

Mon, 02 Dec 2019 06:45 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास में घुसे अज्ञात लोग, सेल्फी लेने के लिए कहा
  • प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सीआरपीएफ से दर्ज कराई शिकायत 
  • पिछले महीने गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटा ली गई थी
विज्ञापन
प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद पिछले सप्ताह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक की खबर सामने आई है। प्रियंका गांधी की सुरक्षा की जिम्मेदारी अभी सीआरपीएफ संभाल रही है। मामला 26 नवंबर का है जब सीआरपीएफ का सुरक्षा घेरा होने के बावजूद एक कार में सवार सात लोग घर में घुस गए।

विज्ञापन


पीटीआई सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के लोधी एस्टेट स्थित घर पर सुरक्षा में चूक हुई। 26 नवंबर को एक कार में सवार सात लोगों ने उनके आवास में बिना पूर्व जानकारी के प्रवेश किया और सेल्फी के लिए कहा। प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सीआरपीएफ में इसकी शिकायत दर्ज कराई है, जांच जारी है।

सूत्रों के मुताबिक कार तीन पुरुषों, तीन महिलाओं और एक लड़की के साथ बगीचे के पास बरामदे तक पहुंच गई थी। उसके बाद सातों लोग कार से उतरे और प्रियंका गांधी के पास जाकर उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए कहा। 
विज्ञापन


प्रियंका गांधी ने जब उनसे पूछा कि वे कहां से आ रहे हैं तो उन्होंने कहा कि वह उनके फैन हैं और उनसे मिलने के लिए आए हैं। इसके बाद प्रियंका गांधी ने उन लोगों को चाय नाश्ता कराकर रवाना किया।

प्रियंका गांधी के दफ्तर ने आईजी सीआरपीएफ को इस बारे में एक एक पत्र लिखकर सुरक्षा में ढील होने की शिकायत दी है। सीआरपीएफ ने अपनी सफाई में कहा कि दरवाजे से अंदर किसी के प्रवेश का जिम्मा दिल्ली पुलिस का है।

वहीं नई दिल्ली के एडीशनल डीसीपी दीपक यादव ने बताया कि, प्रियंका गांधी के घर में किसी भी अनधिकृत वाहन के प्रवेश के बारे में स्थानीय पुलिस स्टेशन में कोई शिकायत नहीं मिली है।
 


गौरतलब है कि केंद्र ने पिछले महीने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के परिवार से एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) सुरक्षा वापस ले ली थी और उसके स्थान पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 'जेड प्लस' सुरक्षा मुहैया कराई थी।

जेड प्लस सुरक्षा के तहत सीआरपीएफ कमांडो इन नेताओं को घर पर और देश में कहीं भी यात्रा करने पर सुरक्षा प्रदान करती है। 

गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने पर खासा हंगामा हुआ था और कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। संसद में भी इस मुद्दे पर जमकर संग्राम मचा और सदन की कार्यवाही स्थगित तक करनी पड़ी थी। कांग्रेस सहित कई विपक्षी पार्टियों ने भाजपा को लोकसभा में इसे लेकर घेरा था और बदले की राजनीति का आरोप लगाया था। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने एसपीजी अमेंडमेंट बिल पर चर्चा के दौरान इस पर जवाब दिया था।

उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि अबतक एसपीजी सुरक्षा के नियमों में जो भी बदलाव हुए थे, वे सिर्फ एक परिवार को ध्यान में रखकर हुए, पहली बार पीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि एसपीजी प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए है, इसका स्टेटस सिंबल के तौर पर इस्तेमाल नहीं होगा।

वहीं इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि मुझे अभी तक इस बारे में जानकारी नहीं है। मैं अपने अधिकारियों के साथ चर्चा कर इसकी विस्तृत जानकारी हासिल कर रहा हूं।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें