तमिलनाडु में शराब की दुकानें खोले जाने के खिलाफ प्रदर्शन
- फोटो : ANI
तमिलनाडु में शराब की दुकानें खोले जाने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गया है। मदुरै में प्रदर्शन कर रहे सीपीआई-एम कार्यकर्ताओं सहित प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हाथापाई हो गई। ये लोग लॉकडाउन के दौरान शराब की दुकानें खोलने के तमिलनाडु सरकार के फैसले का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों में बड़ी तादाद में महिलाएं शामिल हैं।
इससे पहले तमिलनाडु में शराब की दुकानें खोलने से पहले ही मद्रास हाईकोर्ट ने बुधवार को लॉकडाउन के बीच शराब की बिक्री को विनियमित करने के लिए विस्तृत निर्देश जारी किए थे। यह आदेश न्यायमूर्ति विनीत कोठारी और न्यायमूर्ति पुष्पा सत्यनारायण की खंडपीठ ने शराब की बिक्री पर 'पूर्ण प्रतिबंध' लगाने से इनकार करते हुए दिया।
याचिकाकर्ता बी रामकुमार आदित्यन ने सरकार की तरफ से चार मई 2020 को जारी उस आदेश को रद्द करने की मांग की थी, जिसमें यह अधिसूचित किया गया था कि सात मई 2020 से टीएएसएमएसी शराब की दुकानों को फिर से खोला जाएगा। याचिकाकर्ता ने दलील दी थी कि इस निर्णय से सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंड हवा में उड़ जाएंगे और कोरोना वायरस का खतरा बढ़ जाएगा।