भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) मैसूर से 6 अक्तूबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता वैज्ञानिक विजयवाड़ा में मिले हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया, वह मैसूर जाते समय विजयवाड़ा में मिले। वैज्ञानिक अभिषेक रेड्डी गुल्ला (26) स्नातक हैं और मैसूर में किराये के मकान में रहते हैं। अभिषेक 17 सितंबर से काम पर नहीं जा रहे थे। उनके कार्यालय ने जब 5 अक्तूबर को उनसे संपर्क किया तो उन्होंने 6 अक्तूबर से आने की बात कही।
हालांकि छह अक्तूबर को गुल्ला बिना पर्स और मोबाइल के दोपहिया वाहन से निकले, लेकिन लौटकर नहीं आए। उनके इस तरह अचानक गायब होने से चिंतित उनके वरिष्ठ अधिकारी टीके बोस ने यलवाल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि उनके मैसूरू से इस तरह गायब होने और विजयवाड़ा में मिलने के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह अचानक कैसे गायब हो गए।