सुप्रीम कोर्ट ने सहारा-बिड़ला डायरी विवाद में याचिका को खारिज कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि सुनवाई करने के लिए दिए गए तथ्य अपर्याप्त हैं। गौरतलब है कि एक एनजीओ ने डायरी में पीएम मोदी समेत कुछ नेताओं के नाम होने के राहुल गांधी के दावे के बाद कोर्ट से जांच की अपील की थी।
उल्लेखनीय है कि राहुल ने सहारा डायरी प्रकरण में पीएम मोदी के नाम आने पर सरकार से सफाई मांगी थी। उन्होंने कहा था कि बीजेपी और इनकम टैक्स विभाग सहारा डायरी के पन्नों को साक्ष्य मानने से इनकार कर रहे हैं। जबकि इनकम टैक्स सेटलमेंट कमीशन ने डायरी के पन्नों को जायज साक्ष्य ठहराकर जांच करने की वकालत की है।
वहीं इस मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला ने कहा कि वह और उनकी पार्टी नहीं चाहती है कि प्रधानमंत्री की विश्वस्यनीयता कम हो, और उनके कार्यालय की गरिमा बरकरार न रहे, लेकिन इसके लिए पीएम को इस मामले में जांच करानी चाहिए। क्योंकि सार्वजनिक तौर पर जो साक्ष्य सामने हैं उनसे प्रतीत होता है कि पीएम मोदी ने दो कंपनियों से पैसे लिए। अगर उन्होंने पैसे नहीं लिए तो वह जांच से गुजरने का साहस क्यों नहीं दिखा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी चाहती है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो।