भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने भगोड़ा घोषित उद्योगपति विजय माल्या और मेसर्स किंगफिशर एयरलाइंस लिमिटेड को दिए गए कर्ज और कर्ज देने के लिए बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में मंजूर प्रस्ताव की जानकारी देने से मना कर दिया है। बैंक ने कहा है कि जानकारी सार्वजनिक करने से माल्या के खिलाफ जांच और मुकदमा दायर करने की प्रक्रिया में रुकावट आएगी। यह जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई थी।
मुंबई के आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने एसबीआई से विजय माल्या को दिए गए लोन और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में पेश एजेंडा, मंजूर प्रस्ताव और मिनट्स की जानकारी मांगी थी। गलगली के आवेदन पर जवाब देते हुए एसबीआई स्ट्रेस्ड असेट्स प्रबंधन शाखा के उप महाप्रबंधक ने बताया कि यह मामला न्याय प्रविष्ठ और जांच प्राधिकरण के समक्ष प्रलंबित हैं।