सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय
- फोटो : savitribai phule pune university
महाराष्ट्र के सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय द्वारा एक प्रश्न पत्र में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को आजाद कश्मीर के रूप में संदर्भित करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, विश्वविद्यालय की तरफ से इस मामले पर माफी मांग ली गई है।
विश्वविद्यालय ने कहा कि उसे शिकायत मिली है कि स्नातक परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न ने सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। हम इस मामले पर माफी मांगते हुए कहना चाहते हैं कि संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण मांगते हुए उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, प्रश्न पत्र विवाद में प्रासंगिक लोगों/विभागों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और विश्वविद्यालय इस संबंध में निश्चित रूप से उचित कार्रवाई करेगा, लेकिन विश्वविद्यालय पूरी घटना के लिए माफी मांगता है।
पुणे विश्वविद्यालय ने कहा कि यह भी देखा गया है कि विश्वविद्यालय को बदनाम करने के लिए कई फर्जी सवाल किए जा रहे हैं और प्रसारित किए जा रहे हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने तदनुसार कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
इससे पहले मंगलवार को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय द्वारा अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए आयोजित की जा रही एक ऑनलाइन परीक्षा में जिहाद के बारे में एक सवाल पूछा गया था। जैसे ही यह सवाल सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वैसे ही इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।