सऊदी अरब के एफ15 विमानों ने पीएम मोदी के विमान की सुरक्षा की
- फोटो : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सऊदी अरब के दौरे के लिए रवाना हो गए। इस दौरान जब पीएम मोदी का विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तो वहां के एफ-15 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को सुरक्षा प्रदान की। यह एक विशेष सम्मान के रूप में देखा गया, जो भारत और सऊदी अरब के बीच मजबूत होते रक्षा संबंधों का संकेत है।
विदेश मंत्रालय ने साझा किया वीडियो
मामले में जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी के विमान को सुरक्षा देते सऊदी लड़ाकू विमानों का एक वीडियो भी जारी किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अपनी दो दिवसीय सऊदी अरब की यात्रा के लिए रवाना हुए। जैसे ही उनका विशेष विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, रॉयल सऊदी वायु सेना के एफ-15 फाइटर जेट्स ने उनके विमान को सुरक्षा दी।
रणधीर जायसवाल ने आगे अपने पोस्ट में आगे कहा कि यह इशारा भारत और सऊदी अरब के बीच बढ़ती दोस्ती और मजबूत होते रक्षा सहयोग का प्रतीक माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने इस पल का वीडियो भी जारी किया है, जो दोनों देशों के बीच गहरे भरोसे को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें:- PM Modi Interview: 'भारत-सऊदी रिश्ता बेहद मजबूत', जेद्दा दौरे से पहले पीएम मोदी ने की क्राउन प्रिंस की तारीफ
आज शाम क्राउन प्रिंस से मिलेंगे पीएम मोदी
बता दें कि साऊदी पहुंचने के साथ ही मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा भारत और सऊदी अरब के बढ़ते रणनीतिक रिश्तों के लिए एक और अहम कदम माना जा रहा है।
साऊदी रवाना होने से पहले बोले पीएम मोदी
सऊदी अरब रवाना होने से पहले एक साक्षात्कार में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत और सऊदी अरब दोनों का क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में समान हित है। उन्होंने सऊदी अरब को “भारत का भरोसेमंद मित्र, समुद्री पड़ोसी और रणनीतिक साझेदार बताया।
ये भी पढ़ें:- JD Vance: टैरिफ वॉर के बीच भारत क्यों आए जेडी वेंस, साथ में कौन-कौन आया, कब और कहां जाएंगे; देश को क्या फायदा?
दोनों देशों में रक्षा सहयोग पर जोर
पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम सऊदी अरब को क्षेत्र में स्थिरता और सकारात्मकता की ताकत मानते हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग में बढ़ोतरी, आपसी विश्वास का प्रतीक है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि यह साझेदारी उभरती क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने और स्थिरता बनाए रखने की हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है।