आर्थिक अपराध (ईओ) अदालत ने सोमवार को दशकों पुराने फेरा उल्लंघन मामले में अन्नाद्रमुक की पूर्व महासचिव वी के शशिकला से पूछताछ के लिए 28 मई तारीख तय की है। शशिकला आय से अधिक संपत्ति मामले में अभी बंगलूरू के केंद्रीय कारागर में कैद हैं। विशेष लोक अभियोजक जी हेमा ने पत्रकारों को बताया कि शशिकला के जवाब रिकॉर्ड करने के लिए अपर्याप्त सुविधाओं के चलते अदालत ने सुनवाई माह के अंत में निर्धारित की है।
इससे पहले ईओ अदालत ने शशिकला को 13 मई के दिन पेश होने का निर्देश दिया था। इस पर उन्होंने हाईकोर्ट में जाकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर दिया था। बता दें, प्रवर्तन निदेशालय ने 1998 में जेजे टीवी चैनल के लिए विदेशी विनिमय नियमन कानून (फेरा) का उल्लंघन कर ट्रांसपोंडर खरीदने पर शशिकला के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शशिकला के खिलाफ फेरा उल्लंघन के चार अन्य मामले भी हैं।