तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पनीरसेल्वम को हटाकर खुद कुर्सी पर बैठने जा रही एआईएडीएमके की महासचिव शशिकला के लिए सत्ता की राहें इतनी आसान भी नहीं हैं।
शशिकला का पूरा राजनीतिक भविष्य सुप्रीम कोर्ट के उसे एक फैसले पर टिका है जिसमें उनके खिलाफ आय से अधिक संपति के मामले में निर्णय आना है। इस मामले में अपनी सहेली और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के साथ शशिकला भी सह आरोपी हैं जिसमें इस हफ्ते फैसला आना है।
जयललिता के साये में रहकर राजनीति के दांवपेंचों में माहिर हो चुकी शशिकला अब इन्हीं दांवों का उपयोग सत्ता की सीढ़िया चढ़ने में कर रही हैं। रविवार को उन्होंने मुख्यमंत्री पनीरसेल्वम को हटाकर खुद कुर्सी पर बैठने की तैयारी भी पूरी कर ली। लेकिन उनका ये सपना इतना आसान भी नहीं दिखाई दे रहा। उसकी वजह है आय से अधिक संपति का वो मामला जो पिछले 20 साल से उनका पीछा कर रहा है।
पूर्व में जनता पार्टी और अब भाजपा नेता सुब्रमणयम स्वामी ने उनके खिलाफ यह शिकायत की थी। इसी मामले में वह अपनी सहेली जयललिता के साथ आरोपी थी और साल 2014 में तमिलनाडु की एक अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी।