महाराष्ट्र के बीड में सरपंच हत्या मामले में भ्रष्टाचार-विरोधी कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने रविवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मामले में की जा रही जांच को धोखाधड़ी बताया। उनका कहना है कि सच्चाई को सामने लाने के लिए जिले के बाहर की पुलिस को जांच का नेतृत्व करने देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीड पुलिस जबरन वसूली मामले के मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड के सामने झुकती है। दमानिया ने कहा कि बीड पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कर सकती।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे और पंकजा मुंडे दोनों ही बीड से हैं और उन्हें कॉल और संदेशों के माध्यम से अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणी से निशाना बना रहे हैं।
पिछले महीने हुई थी सरपंज की हत्या
बता दें कि बीड के मासाजोग के सरपंच संतोष देशमुख को 9 दिसंबर को अपहरण कर प्रताड़ित किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई, क्योंकि वे बीड जिले में एक पवनचक्की परियोजना का संचालन करने वाली एक ऊर्जा कंपनी पर जबरन वसूली की कोशिश को रोकने की कोशिश कर रहे थे। मामले में महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड को हत्या के सिलसिले में जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया है।सरपंच की हत्या मामले में महाराष्ट्र सरकार ने विशेष जांच दल का गठन किया।
अंजलि दमानिया ने लगाए आरोप
पत्रकारों से बात करते हुए भ्रष्टाचार-विरोधी कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने कहा, "मुझ पर वंजारी समुदाय को निशाना बनाकर सामाजिक अराजकता फैलाने का आरोप हैं। मैंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है। मैंने बताया कि (दिवंगत भाजपा नेता) गोपीनाथ मुंडे के समय से, बीड में सभी सरकारी नियुक्तियाँ एक ही समुदाय से हैं। जिले की पुलिस, जो एक विशेष समुदाय से आती है, कराड के साथ बंधी रहती है और वह निष्पक्ष जांच नहीं कर सकती।"
उन्होंने आगे कहा, "इस मामले की जांच बकवास तरीके से की जा रही है। बीड पुलिस को जांच का प्रभारी नहीं होना चाहिए। इस मामले में मैंने पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला से मुलाकात की है। मैंने मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस से भी बात की और उनसे मुझे परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह करती हूं।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "अंजलि दमानिया की जो भी शिकायत है, वह इसे पुलिस को जाकर बताएं। वे इसपर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।" बता दें कि बीड सरपंच हत्या मामले में पुलिस अबतक सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि, एक व्यक्ति अभी भी फरार है।
संबंधित वीडियो