महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को बीड में सरपंच की हत्या मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए राकांपा नेता धनंजय मुंडे को राज्य मंत्रिपरिषद से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीड से सत्तारूढ़ महायुति के विधायकों का खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री और आरोपी से संबंध था। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी निशाना साधा। पटोले ने कहा कि मुख्यमंत्री बीड में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई न करके उन्हें मजबूत कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा, बीड से सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों ने पिछले सप्ताह विधानसभा में एक बहस के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति और मंत्री (धनंजय मुंडे) का आरोपियों के साथ संबंधों पर बात की थी। उन्होंने आगे कहा, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मुंडे को मंत्रालय से हटा देना चाहिए।
आरोपी धनंजय मुंडे का करीबी
बता दें कि नौ दिसंबर को मासाजोंग गांव के सरपंच संतोष देशमुख को अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस अबतक चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक विष्णु चाटे ने जिले में पवनचक्की स्थापित करने वाली एक ऊर्जा कंपनी से दो करोड़ रुपये की मांग की थी और मांग पूरी नहीं होने पर उसने कंपनी का परिचालन बंद करने की धमकी दी थी। सरपंच संतोष देशमुख ने इस मामले में हस्तक्षेप कर जहरन वसूली को रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने सरपंच का पहले अपहरण किया और बाद उन्हें प्रताड़ियत कर हत्या कर दी।
इस मामले में विपक्ष ने आरोप लगाया कि इस पूरे हत्याकांड के पीछे वाल्मीक कराड का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि कराड धनंजय मुंडे का करीबी है। कराड को इस हत्या के मामले में आरोपी नामित नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरपंच की हत्या मामले में न्यायिक जांच की घोषणा की।
संबंधित वीडियो