महाराष्ट्र में कभी एक साथ कदम से कदम चलने वाले दल भाजपा और शिवसेना आज एक दूसरे के चिर प्रतिद्वंदी हैं। दोनों पार्टी एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रही हैं। वहीं महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय राउत ने कहा कि भाजपा राज्य में कभी भी सत्ता में नहीं लौट सकती।
उन्होंने कहा कि शिवसेना ने कभी किसी के साथ धोखा नहीं किया। साथ ही संजय राउत ने कहा कि चूंकि भाजपा ने शिवसेना से किए अपने वादे का सम्मान नहीं किया, इसलिए महाराष्ट्र को महा विकास अघाडी (एमवीए) के रूप में एक अच्छी सरकार मिली।
2019 में किया था गठबंधन
2014-19 के दौरान राज्य में सत्ता साझा करने वाली शिवसेना और भाजपा ने मुख्यमंत्री पद साझा करने को लेकर मतभेदों के बाद 2019 के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद नाता तोड़ लिया था। इसके बाद शिवसेना ने एमवीए सरकार बनाने के लिए एनसीपी और कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया, जो अलग-अलग विचारों वाले दलों का एक असंभावित गठबंधन था।
संजय राउत ने दी थी नवाब मलिक को बधाई
शिवसेना सांसद संजय राउत ने शनिवार को एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के नेता नवाब मलिक को शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए शुभकामना दी थीं। कोल्हापुर में मीडिय से बात करते हुए राउत ने कहा था कि मलिक इस मामले की असलियत और भाजपा का असली चेहरा सामने लाने की कीमत चुका रहे हैं।
वहीं, इस सवाल पर कि क्या शिवसेना पूर्व एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी, राउत ने कहा था, 'हम क्यों मांग करेंगे? क्या सरकार को नहीं दिखता कि किस तरह उन्होंने एक युवा को फर्जी ड्रग्स मामले में फंसाने और उसका जीवन बर्बाद करने की कोशिश की। आर्यन खान को एक महीने के लिए जेल में रहना पड़ा था। क्या यह न्याय है?'