पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा ने शुक्रवार को रावलपिंडी के जनरल मुख्यालय में रक्षा और शहीद दिवस के संबंध में मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए भारत से खूनी बदला लेने का ऐलान किया था। बाजवा की इस गीदड़ भभकी का जवाब देते हुए शिवसेना के सांसद संजय राउत का कहना है कि चुनाव से पहले पकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
संजय राउत ने कहा, 'जिस तरीके से पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष मे धमकी दी है। प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से इस बारे में पूछा जाना चाहिए। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादा किया था कि वह चुनाव से पहले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा बना देंगे। हम इस बारे में पीएम से बात करना चाहते हैं।'
राउत ने आगे कहा, 'इस सरकार को पांच साल होने वाले हैं। जब आपने वोट मांगे थे तब आपने इसका वादा किया था और हमने आपके लिए तालियां बजाई थीं। अब वह शक्ति कहां चली गई है? पाकिस्तान के साथ हमको दो व्यवहार करना चाहिए, वो व्यवहार बोली का नहीं गोली का करना चाहिए।'
बाजवा ने जब भारत को गीदड़ भभकी दी थी उस समय वहां पाकिस्तान के प्रधानमंत्री
इमरान खान भी वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान किसी दूसरे देश की लड़ाई में हिस्सा नहीं बनेगा। मैं पहले दिन से ही जंग के खिलाफ हूं। पाकिस्तानी सेना बेहतर तरीके से काम कर रही है और राजनीति में उसका कोई हस्तक्षेप नहीं है। हमारी विदेश नीति दूसरे देशों से संबंध बेहतर करने की है।