महाराष्ट्र के बड़े नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत अपने बयानों के लिए जाने जाते हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने मंगलवार को दावा किया कि ऐसी आशंका है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले या राम मंदिर उद्घाटन के समय गोधरा ट्रेन में आग लगने जैसी घटना हो सकती है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एकल-सूत्रीय एजेंडा आम चुनाव से पहले देश में धार्मिक तनाव पैदा करना है। राउत 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होने जा रही विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठक से पहले बोल रहे थे।
आगे पत्रकारों से बात करते हुए संजय राउत ने दावा किया कि हमें डर है कि जिस तरह से गोधरा हुआ था, उसी तरह राम मंदिर उद्घाटन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से ट्रेन में भरकर लोगों को (अयोध्या) लाया जाएगा। सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिए किसी ट्रेन पर पुलवामा जैसा हमला किया जाएगा। इससे लोगों में डर है।
27 फरवरी, 2002 को गोधरा ट्रेन अग्निकांड के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे, उस समय पीएम मोदी गुजरात के सीएम थे। वहीं, 14 फरवरी, 2019 को जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर सुरक्षा कर्मियों को ले जा रहे वाहनों के काफिले पर हमले में 40 सुरक्षा कर्मियों की जान चली गई थी।
संजय राउत ने दावा किया कि ऐसा कहा जाता है कि अगर पुलवामा को अंजाम दिया जा सकता है, गोधरा को अंजाम दिया जा सकता है, तो चुनाव से पहले इस तरह के क्रूर कृत्य को अंजाम दिया जा सकता है। कई राजनीतिक दलों को यह डर है। उन्होंने कहा कि मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी।
गडकरी देश के भविष्य के नेता: संजय राउत
संजय राउत ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों में केवल नितिन गडकरी का काम ही दिखाई दे रहा है और वरिष्ठ भाजपा नेता देश के भविष्य के नेता हैं। राउत ने कहा कि गडकरी नरेंद्र मोदी कैबिनेट में एक महत्वपूर्ण नेता और सक्षम मंत्री हैं। केवल उनका काम देश में दिखाई देता है।