लोकसभा चुनाव से पहले और पांच राज्यों में भाजपा की हार के बाद पार्टी आलाकामान को नसीहतें मिलने का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सक्रीय राजनीति से दूर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता संघप्रिय गौतम ने कहा है कि भाजपा को 2019 में सत्ता में वापसी के लिए अपने कामकाज में परिवर्तन करना होगा।
गौतम की मानें तो पार्टी जरूरी मुद्दों को भूलकर धार्मिक मुद्दों को भुनाने में लगी है। गौतम ने पार्टी आलाकामन को इस बाबत एक पत्र लिखकर पार्टी में कुछ बदलाव करने की बात कही है।
मोदी का जादू नहीं चल रहा
गौतम के मुताबिक पार्टी की सत्ता में वापसी मुश्किल नजर आ रही है। विधानसभा चुनावों की हार के वाद अब अमित शाह और पीएम मोदी की जोड़ी का जादू चलता नहीं दिख रहा है। पार्टी को चाहिए कि शिवराज चौहान को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को उप प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा है कि राजनाथ सिंह को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाकर योगी आदित्यनाथ को धार्मिक कार्यों में लगा देना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने योजना आयोग का नाम बदलने, सीबीआई व आरबीआई के कार्यों में सरकार के हस्तक्षेप और उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने के फैसलों पर बीजेपी सरकार की कड़ी निंदा की। साथ ही गोवा और मणिपुर में जोड़-तोड़ कर सरकार बनाने के फैसले को निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार युवाओं, किसानों और देश की जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल साबित हुई है।