राफेल सौदे पर भाजपा ने एक बार फिर राबर्ट वाड्रा को लेकर गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने कहा कि चारा घोटाले में दोषी लालू यादव की तरह ही वाड्रा को जेल जाना होगा। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि 2012 में पिलेट्स एयरक्राफ्ट सौदे में वाड्रा ने हथियार दलाल संजय भंडारी के जरिये दलाली की रकम हासिल की। इस दौरान उन्होंने लंदन स्थित वाड्रा के घर की तस्वीरें और वाड्रा के लिए भेजा गया हवाई टिकट भी दिखाया।
पात्रा ने कहा कि कांग्रेस राफेल सौदे में रॉबर्ट वाड्रा के दोस्त संजय भंडारी की कंपनी ओआईएस को भागीदार बनाना चाहती थी। ऐसा नहीं होने पर यूपीए शासनकाल में सौदा रद्द कर दिया गया। 2016 में भंडारी के ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान मिले कागजात इसकी गवाही देते हैं। यूपीए सरकार ने भंडारी को पिलेट्स एयरक्राफ्ट सौदे में लाभ पहुंचाया।
इस क्रम में एक मिलियन स्विस फ्रैंक भंडारी को अकाउंट नंबर 52105058250 में दिया गया। यह रकम भंडारी के जरिए वाड्रा को भेजी गई। पात्रा ने कहा कि उनके पास भंडारी के रिश्तेदार सुमित चड्ढा द्वारा वाड्रा को दिलाए गए 19 करोड़ रुपये के घर की जानकारी है। मोदी सरकार के आने के बाद सभी भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
देश को बेचने वाला परिवार
पात्रा ने इस दौरान पीएम मोदी के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने देश को बेचा, देश पर डाका डाला वह गरीब परिवार से आने वाले ईमानदार पीएम पर सवाल उठा रहे हैं।