कांग्रेस राफेल सौदे को लेकर लगातार भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला कर रही है। इसी बीच भाजपा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर पाकिस्तान के साथ रिश्ता होने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि राहुल के लिए पाकिस्तान से चुनाव प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने 2014 से पहले का एक वीडियो दिखाया जिसमें पाकिस्तान ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को देहाती औरत कहा था। इसपर पीएम नरेंद्र मोदी ने नवाज शरीफ को लताड़ा था।
भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी और पीएम मोदी में यही फर्क है। कांग्रेस को इससे सीख लेनी चाहिए। दरअसल, इस वीडियो में पीएम मोदी कहते हुए नजर आ रहे हैं कि सवा सौ करोड़ के भारतीयों के पीएम के खिलाफ ऐसा बोलने वाले नवाज की औकात क्या है। संबित पात्रा ने कहा कि पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने राहुल के ट्वीट का इस्तेमाल किया। 'इसके बाद पाकिस्तान के पूर्व गृहमंत्री रहमान मलिक ट्वीट करते हैं। राहुल गांधी ही देश के अगले पीएम होंगे और मोदी राहुल से डरे हुए हैं। राहुल गांधी के लिए पाकिस्तान से चुनाव प्रचार हो रहा है।' इससे पहले पाकिस्तान के पीएम इमरान खान भी ट्वीट करके मोदी को छोटा आदमी बोल चुके हैं।