शार्ली एब्दो हत्याकांड
आज से सात साल पहले फ्रांस की पत्रिका शार्ली एब्दो पर आतंकियों ने हमला किया था। इस पत्रिका ने पैगंबर मोहम्मद का कार्टून छापा था, जिसके बाद आतंकियों ने उसके दफ्तर में घुसकर अचानक हमला कर दिया और 12 लोगों की जान ले ली थी और 11 घायल हुए थे। पत्रिका ने पैगंबर के कार्टून छापने को अभिव्यक्ति की आजादी से जोड़ा, जबकि कट्टरपंथियों ने इसका जमकर विरोध किया। 7 जनवरी 2015 की सुबह शार्ली एब्दो के दफ्तर में आम दिनों की तरह ही काम चल रहा था। सुबह 11:30 बजे के हमलावरों ने इमारत में प्रवेश किया और पत्रिका के दफ्तर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इन्होंने पत्रिका के एडिटर स्टीफन चार्बोनियर, चार कार्टूनिस्ट, दो स्तंभकार, एक कॉपी एडिटर, एक केयरटेकर, एडिटर के अंगरक्षक, एक पुलिस अधिकारी और एक मेहमान की हत्या कर दी। इस घटना के बाद फ्रांस में कई दिनों तक लोग आतंक के खौफ में रहे थे।
तसलीमा नसरीन (फाइल फोटो)
- फोटो : फाइल फोटो
तसलीमा नसरीन की जान को खतरा
बांग्लादेश की लेखिका तसलीमा नसरीन भी इन्हीं में से एक हैं। 1990 के दशक की शुरुआत में तसलीमा अपने निबंधों और उपन्यासों के कारण विश्व का ध्यान अपनी ओर खींचा। अयोध्या बाबरी विध्वंस के बाद तसलीमा को 1993 में उनके चर्चित उपन्यास ‘लज्जा’ के प्रकाशन के बाद बांग्लादेश से निष्कासित कर दिया गया था। इसकी कहानी एक हिंदू परिवार पर केंद्रित थी जो कट्टरपंथी हिंसा के बाद देश छोड़ने को मजबूर हो गया था। उनके कई और उपन्यास भी प्रकाशित हुए जिसमें उन्होंने इस्लाम को लेकर अपना नजरिया सामने रखा। लेकिन उनके लेखन ने एक वर्ग को नाराज कर दिया। उनके खिलाफ भी बांग्लादेश में फतवा जारी कर दिया गया। वह तब के भारत के कोलकाता में निर्वासित जीवन बिता रही हैं। उनपर भी हमले का प्रयास हो चुका है, हालांकि यह गंभीर हमला नहीं था। वह अब भी ट्विटर के जरिए अपना नजरिया सामने रखती हैं। रूश्दी पर हमले के बाद उन्होंने प्रतिक्रिया जताते हुए इसे बेहद भयावह करार दिया है।
नुपुर शर्मा को मौत की धमकियां
इसी तरह का मामला हालिया दिनों में भारत में भी सामने आया है जब भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा की एक टिप्पणी ने विवाद पैदा कर दिया। पैगंबर पर उनकी टिप्पणी ने देश के कई हिस्सों में उबाल ला दिया और लोग हिंसा पर उतर आए। नुपुर शर्मा को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद उन्हें पुलिस सुरक्षा देनी पड़ी और वह किसी अज्ञात जगह में रह रही हैं। उनकी गिरफ्तारी की लगातार मांग उठती रही और कई राज्यों में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली और फिलहाल उन्हें गिरफ्तारी से राहत मिली हुई है। उनकी जान पर खतरा लगातार बना हुआ है। पाकिस्तान स्थित आतंकी गुट भी उन्हें मारने की योजनाएं बना रहे हैं। कुछ समय पहले ही पाकिस्तान से आए एक युवक को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया, उसका मंसूबा नुपुर पर हमला करने का था। ऐसा ही खुलासा आज (12 अगस्त) भी हुआ जब एटीएस ने सहारनपुर से एक युवक नदीम को गिरफ्तार किया जो नुपुर पर हमले की योजना बना रहा था। नदीम का संबंध जैश-ए-मुहम्मद और तहरीक-ए-तालिबान से होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि नदीम आतंकियों के संपर्क में था।
फ्रांस में शिक्षक की गला रेतकर हत्या
दो साल पहले फ्रांस में एक हमलावर ने हिस्ट्री टीचर की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इतिहास शिक्षक पैटी पर आरोप था कि उसने कुछ दिन पहले क्लास में पैगंबर से जुड़ी कोई फोटो दिखाई थी। बताया जाता है कि हमलावर इसी बात से नाराज था। हमलावर ने काफी दूर तक टीचर का पीछा किया था। घटना पेरिस के पास कॉन्फ्लांस सेन्ट होनोरिन इलाके में हुई थी। यहां एक सेकंडरी स्कूल में कुछ दिन पहले इस टीचर ने इस्लाम से जुड़ा कोई चित्र दिखाया था। टीचर जब स्कूल से निकला तो आरोपी ने उसका पीछा किया। बाद में मौका पाकर उसका गला काट दिया। हमलावर 17 साल का युवक था जो मूल रूप से चेचन्या का रहने वाला था। पुलिस ने पीछा करते समय इसे गोली मार दी थी। मारे गए शिक्षक के मामले में देशभर के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए थे और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ऐसे ही एक प्रदर्शन में फ्रांस के प्रधानमंत्री मैक्रों भी शामिल हुए थे। इस हमले को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फ्रांस को संदेश भेजकर एकजुटता दिखाई थी।